home page

लखनऊ में बंदर ने महिला पर किया हमला, 25 टांके लगे

 | 
लखनऊ में बंदर ने महिला पर किया हमला, 25 टांके लगे


लखनऊ, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में इन दिनों बंदरों का आतंक है। घरों में रखी सामग्री को नष्ट करने के अलावा अब लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर बंदरों ने कई लोगों को अपना निशाना बनाया। पीड़ितों ने वन विभाग को घटना के संबंध में मेल से शिकायत की है।

शहर के सबसे पॉश इलाके राजाजीपुरम में रहने वाले शिव प्रताप सिंह एक कार कंपनी में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि इन दिनों इलाके में बंदरों का आतंक है। मंगलवार को उनकी पत्नी दिव्या छोटी बच्ची को लेकर घर से कुछ दूरी पर मौजूद थी। इसी दौरान एक बंदर पीछे से आया और उनकी पत्नी के कंधे पर बैठ गया। वह कुछ समझ पातीं , तब तक बंदर ने उनके हाथ, पैर, गर्दन में कई जगह काट लिया। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने पड़ोस के एक अस्पताल में भर्ती कराया। उन्हें करीब 25 टांके लगे हैं।

शिव प्रताप बताते हैं कि इलाके में बंदरों का काफी आतंक है। अभी गुरुवार को ही सपना कॉलोनी में एक महिला को बंदर ने काटा था। उससे दो दिन पहले भी बंदर ने एक महिला को निशाना बनाया था। एक सप्ताह में कई लोगों को बंदर काट चुका है। इस संबंध में उन्होंने गूगल की मदद से वन विभाग के नंबर पर बंदर को पकड़ने की शिकायत भी की थी, लेकिन अभी तक कोई सहायता नहीं मिली है। इसकी वजह से लोग अब अपने घरों में दुबकने काे मजबूर है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक