उप्र में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान
लखनऊ, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की खाली हो रही 11 एमएलसी सीटों के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसमें पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग ने इन सीटों पर चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा करते हुए जानकारी दी है कि इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि 27 अक्टूबर को चुनाव के अंतिम परिणाम घोषित किये जाएंगे।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर है। जिन 11 विधान परिषद सदस्याें का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश गोयल, मान सिंह यादव, उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, आकाश अग्रवाल, हरि सिंह ढिल्लो, ध्रुव कुमार त्रिपाठी और श्रीचंद्र शर्मा शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

