एमएलसी चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने झोंकी ताकत
जिला चुनाव संचालन समिति की बैठक में बनी रणनीति, कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं जिम्मेदारियां
औरैया, 05 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। इसमें आगरा खंड शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी ई. हरि किशोर तिवारी एवं स्नातक एमएलसी प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह को विजयी बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, मतदाता संपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई ने कहा कि चुनाव में जीत के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अधिक से अधिक शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता सूची का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा पार्टी की नीतियों को मतदाताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि भाजपा संगठन शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुका है। बूथ और क्षेत्र स्तर पर प्रभावी संपर्क अभियान चलाकर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में वातावरण तैयार किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे और विधायक गुड़िया कठेरिया ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शिक्षक चुनाव संयोजक कौशल राजपूत और स्नातक चुनाव संयोजक यशवीर सिकरवार ने चुनावी तैयारियों की जानकारी दी।
इस दौरान विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, ऋषि पांडेय, भूरे चौबे, रजनीश पांडेय, कुलदीप दुबे, सौरभ भूषण शर्मा, अमरचंद्र राठौर, इंद्रपाल पाल, माधव राजपूत, प्रतीक सिंह, आशीष दुबे, दीक्षांत गुप्ता, देवेंद्र सेंगर, कुंवर सिंह बाथम, रामजी बाजपेई, राहुल गुप्ता, मोनू सेंगर, सौरभ राजपूत, नितिन अवस्थी, कन्हैया कठेरिया, रानी सेंगर, कोमल पोरवाल, सुमन नायक, अभिषेक त्रिपाठी समेत औरैया विधानसभा चुनाव संचालन समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

