home page

मीरजापुर : खाद की किल्लत पर सहकारी समिति पहुंचे विधायक, सचिव नदारद

 | 
मीरजापुर : खाद की किल्लत पर सहकारी समिति पहुंचे विधायक, सचिव नदारद


- जिलाधिकारी और एआर से फोन पर की बात, शुक्रवार शाम तक खाद उपलब्ध कराने का निर्देश

मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में किसानों को डीएपी खाद नहीं मिलने की शिकायत पर पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने गुरुवार को ददरा-हिनौता सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान समिति के सचिव अनुपस्थित मिले। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई और अधिकारियों से किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराने को कहा।

क्षेत्र में धान की कटाई शुरू होने के साथ ही सरसों, चना, मटर और गेहूं की बुआई का काम भी शुरू हो गया है। ऐसे में डीएपी खाद की मांग बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि सरकारी समितियों पर खाद नहीं मिलने से उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक समिति पहुंचे और खाद की उपलब्धता की स्थिति जानी।

विधायक ने मौके से ही जिलाधिकारी और सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (एआर) से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को समिति पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की कमी से किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार शाम तक हर हाल में समिति पर खाद पहुंचा दी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मौजूद किसानों ने विधायक का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा