फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग का चौड़ीकरण 12 करोड़ 66 लाख से होगा, विधायक व महापौर ने किया भूमि पूजन
फिरोजाबाद, 01 मार्च (हि.स.)।फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन रविवार को भाजपा विधायक व महापौर ने किया। इस परियोजना पर 12 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत आएगी। गढ़ी तिवारी चौराहे से चंद्रवाड़ गेट तक 1 से 6.30 किलोमीटर तक यह कार्य किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर और भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया। विधायक मनीष असीजा ने बताया कि छारबाग से गढ़ी तिवारी तक जाने वाला यह मार्ग यमुना पार क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सम्पर्क मार्ग है। लम्बे समय से स्थानीय निवासियों द्वारा इसके चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती थीं। चौड़ीकरण के बाद यातायात सुगम होगा और आवागमन में लगने वाले समय में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि यह मार्ग प्राचीन चंद्रवाड़ मंदिर, सूफी शाह की दरगाह और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ता है। सड़क चौड़ी होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। महापौर कामिनी राठौर ने इस परियोजना को यमुना पार क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला बताया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर ने इसे विकास की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया।
जन प्रतिनिधियों ने सम्बंधित विभाग को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय जनता ने इस परियोजना के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

