वाराणसी में डेंगू मलेरिया की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय : डॉ. नीलकंठ तिवारी
वाराणसी, 01 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी में दक्षिणी विधानसभा से विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गुरुवार को कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि जनपद वाराणसी में विशेष रूप से डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इस अवसर पर नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता रैली आयोजित की गई। इस रैली को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों, स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संचारी रोगों के प्रसार को पूर्णतः अवरुद्ध करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर निगम, पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य संबंधित विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें सहभागी बनना होगा। अभियान को जन आंदोलन का रूप देकर ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी संबंधित विभाग अपने माइक्रो प्लान के अनुसार निर्धारित गतिविधियों को समय से पूरा कराएं। अभियान के दौरान प्रतिदिन किए गए कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि घर-घर संपर्क के दौरान आशा एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र जाने के संबंध में जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि डेंगू एवं मलेरिया सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छर के प्रजनन स्थलों का नष्ट किया जाना और जन जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घर एवं आसपास पानी एकत्र न होने दें तथा बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा घरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम में जनसहभागिता की भूमिका महत्वपूर्ण है । उन्हाेंने कहा कि अस्पताल में आने वाले बुखार के मरीजों की समुचित जांच एवं उपचार के साथ-साथ उन्हें संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मंडलीय चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. शिशिर कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद पांडेय, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

