home page

मीरजापुर के बिल्ढम फाल में लापता क्लर्क का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, तेज बहाव से राहत अभियान प्रभावित

 | 
मीरजापुर के बिल्ढम फाल में लापता क्लर्क का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, तेज बहाव से राहत अभियान प्रभावित


- पत्नी और दो मासूम बच्चे, परिजनों की टिकी हैं तलाश अभियान पर निगाहें

मीरजापुर, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बिल्ढम फाल में रविवार शाम तेज बहाव में लापता हुए वाराणसी के सरकारी कर्मचारी रितेश गौड़ (32) का दूसरे दिन सोमवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार चल रहे खोज अभियान के बावजूद सफलता नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। बारिश के कारण बढ़ा जलस्तर और तेज धारा राहत एवं बचाव कार्य में सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

कुशवाहा नगर निवासी रितेश गौड़ पंडित दीनदयाल महिला चिकित्सालय, पांडेयपुर (वाराणसी) में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। रविवार को बिल्ढम फाल घूमने के दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गए थे और तब से लापता हैं।

सोमवार सुबह से एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से बिल्ढम फाल और आसपास के जलक्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। गोताखोरों ने गहरे पानी और चट्टानों के बीच कई बार खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। प्रशासन का कहना है कि तेज बहाव और लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण अभियान प्रभावित हो रहा है, फिर भी तलाश लगातार जारी है।

तहसीलदार एके पांडेय के नेतृत्व में राजस्व टीम भी पूरे समय मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी उपलब्ध संसाधनों के साथ खोज अभियान जारी रहेगा।

दो मासूम बच्चों के सिर से छिनने लगा पिता का साया

परिवार में वरितेश गौड़ कीे पत्नी राधा, दो वर्षीय पुत्र राघव और छह माह की बेटी श्रीजी परेशान हैं। घटनास्थल पर मौजूद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी की आंखें लगातार पति की तलाश में लगी हैं, जबकि मासूम बेटे को भी पिता के लौटने का इंतजार है। यह मार्मिक दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में बिल्ढम फाल का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है और तेज बहाव बेहद खतरनाक हो जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वर्षा ऋतु में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा