home page

तिरंगे के रंग में रंगा मीरजापुर, जिलाधिकारी-एसपी ने पुलिस लाइन से रवाना की तिरंगा यात्रा

 | 
तिरंगे के रंग में रंगा मीरजापुर, जिलाधिकारी-एसपी ने पुलिस लाइन से रवाना की तिरंगा यात्रा


मीरजापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस लाइन से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के उत्साह से पूरा नगर क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

तिरंगा यात्रा में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों में राष्ट्रीय ध्वज, संविधान, राष्ट्रीयता और देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों व महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव नजर आया। पुलिस लाइन से शुरू हुई यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। तिरंगे के साथ कदमताल करते पुलिसकर्मी और विद्यार्थी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। जगह-जगह लोगों ने यात्रा को उत्साह के साथ देखा और देशभक्ति के माहौल में शामिल हुए।

अधिकारियों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय प्रतीकों एवं स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना है। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे नगर में देशभक्ति का जज्बा दिखाई दिया। आजादी के पर्व से पहले निकली इस यात्रा ने लोगों में राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को और प्रबल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा