home page

मीरजापुर: भलदरिया में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन, पर्यटन क्षेत्र को मिला सुरक्षा बल

 | 
मीरजापुर: भलदरिया में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन, पर्यटन क्षेत्र को मिला सुरक्षा बल


मीरजापुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अहरौरा क्षेत्र के भलदरिया में शनिवार को नव निर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भलदरिया में चौकी की स्थापना से खासकर पर्यटकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में अब तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि भलदरिया क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए यहां पुलिस की मौजूदगी आवश्यक हो गई थी। चौकी शुरू होने से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी शिखा भारती, निरीक्षक अजय सेठ, थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा