home page

मीरजापुर में ‘नारी शक्ति’ की गूंज : छात्राओं ने पदयात्रा निकाल बनायी मानव श्रृंखला, गीतों से जगाई चेतना

 | 
मीरजापुर में ‘नारी शक्ति’ की गूंज : छात्राओं ने पदयात्रा निकाल बनायी मानव श्रृंखला, गीतों से जगाई चेतना


मीरजापुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर शहर के जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में गुरुवार का दिन नारी शक्ति के नाम रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी और रोवर्स रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम–2026’ के समर्थन में जोश और उत्साह से भरी पदयात्रा निकाली।

महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए फिर कॉलेज परिसर में आकर समाप्त हुई। रास्ते भर छात्राएं हाथों में पोस्टर, बैनर और स्लोगन लिखी तख्तियां लिए नारी सशक्तिकरण का संदेश देती नजर आईं। नारी है तो कल है और सम्मान, सुरक्षा और अधिकार जैसे नारों से पूरा माहौल जागरूकता से भर उठा। पदयात्रा के बाद छात्राओं ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई, जो नारी एकता और शक्ति का प्रतीक बन गई। इसके बाद कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला, जब अनु शिवांगी प्रिया ने नारी शक्ति पर आधारित अपना स्वरचित गीत प्रस्तुत किया। उनके गीत ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और तालियों की गूंज देर तक सुनाई देती रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर वंदना मिश्रा ने की। इस दौरान प्रोफेसर आत्रेयी आद्या चटर्जी, प्रोफेसर राज मोहन शर्मा, प्रोफेसर सुशील कुमार त्रिपाठी, डॉ. आशुतोष कुमार त्रिपाठी सहित कई शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम मोहन अस्थाना ने किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा