home page

मीरजापुर-सोनभद्र में बीएसएनएल के 217 टावर, दुर्गम क्षेत्रों तक नेटवर्क विस्तार की तैयारी

 | 
मीरजापुर-सोनभद्र में बीएसएनएल के 217 टावर, दुर्गम क्षेत्रों तक नेटवर्क विस्तार की तैयारी


मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर और सोनभद्र में मोबाइल नेटवर्क के विस्तार के लिए बीएसएनएल ने दोनों जिलों में 217 टावर स्थापित किए हैं। इनमें सोनभद्र के पुराने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 72 साइट शामिल हैं। अब विभाग की नजर उन पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों पर है, जहां नेटवर्क कमजोर है या कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है।

बीएसएनएल के उपमंडलीय अधिकारी परिचालन एवं प्रशासन सुभाष वर्मा ने बताया कि जंगल और पहाड़ी भूभाग के कारण दुर्गम क्षेत्रों में नेटवर्क पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा है। इन इलाकों में साइट स्थापित कर संचार सुविधा का विस्तार किया गया है। आगे कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों के साथ जलप्रपातों और पर्यटन स्थलों को चिह्नित कर सर्वे तथा प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।

मीरजापुर में 44, शहर में 14 बीटीएस

अधिकारी के अनुसार, मीरजापुर जिले में करीब 44 चारजी बीटीएस संचालित हैं। इनमें शहर के 14 बीटीएस शामिल हैं। बीटीएस यानी बेस ट्रांसीवर स्टेशन मोबाइल नेटवर्क के संचालन में अहम भूमिका निभाता है। विभाग का लक्ष्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी संचार सुविधा का विस्तार करना है।

कम आबादी और दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण ऐसे क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार करना चुनौतीपूर्ण रहता है। कनेक्टिविटी बेहतर होने से स्थानीय लोगों को ऑनलाइन सरकारी सेवाओं, डिजिटल लेनदेन और आपातकालीन संपर्क में सुविधा मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा