मीरजापुर : कीचड़ भरे रास्ते से होकर मां के दरबार पहुंचे हजारों भक्त
- गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़ी आस्था, 25 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन-पूजन
मीरजापुर, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में सावन के दूसरे सोमवार को गड़बड़ा शीतला धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मौसम साफ होने के साथ ही भोर से ही हजारों श्रद्धालु मां के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने लगे। मंगल आरती के बाद भक्तों ने सेवटी नदी में स्नान किया और हाथों में नारियल, चुनरी, फूल-माला, हलवा-पूरी व प्रसाद लेकर दर्शन के लिए कतार में लग गए।
बारिश ने श्रद्धालुओं की राह जरूर मुश्किल कर दी। दो दिन पहले हुई बरसात के चलते धाम तक पहुंचने वाले मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ हो गया था। इससे पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के साथ वाहनों को पार्क करने में भी परेशानी हुई। इसके बावजूद आस्था भारी पड़ी और भक्त कीचड़ भरे रास्ते से होकर मां के दरबार तक पहुंचे। मंदिर परिसर में लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने कड़ी मशक्कत के बाद मां के चरणों में शीश नवाया और सुख-समृद्धि व मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर प्रबंधक ज्ञानचंद शुक्ल और पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि सुबह से करीब 25 हजार श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके थे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्यामलाल पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

