home page

जनपद न्यायाधीश मीरजापुर ने बाल संरक्षण गृह में बच्चों से किया संवाद

 | 
जनपद न्यायाधीश मीरजापुर ने बाल संरक्षण गृह में बच्चों से किया संवाद


मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्र और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बुधवार को मोर्चाघर स्थित जिला बाल संरक्षण गृह का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय, स्टोर, खेल व म्यूजिक कक्ष, भोजनालय और शौचालय का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने मुख्य विकास अधिकारी को संरक्षण गृह में टेबल टेनिस की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पर तत्काल खेल अधिकारी को फोन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। दोनों अधिकारियों ने संरक्षण गृह में रह रहे किशोरों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन और खेलकूद से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित मीनू के अनुसार समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए और उप मुख्य चिकित्साधिकारी को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के लिए कहा।

पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की स्थिति जानी और उनके द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि संरक्षण गृह में ऐसा माहौल बनाया जाए, जिससे बच्चे आगे चलकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पल्लवी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा