home page

जेई पर अभद्रता का आरोप, दंडित करने की मांग को लेकर पावर हाउस पर भाजपाइयों का प्रदर्शन

 | 
जेई पर अभद्रता का आरोप, दंडित करने की मांग को लेकर पावर हाउस पर भाजपाइयों का प्रदर्शन


- चार घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति

मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में जमालपुर विद्युत उपकेंद्र पर गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब अवर अभियंता (जेई) पर भाजपा कार्यकर्ताओं से अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पावर हाउस पहुंच कर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान क्षेत्र के चारों फीडरों की बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे तक बाधित रही, जिससे लगभग 70 गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया गया कि भड़ेवल गांव में पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित थी। लगातार शिकायतों के बाद बिजली बहाल की गई, लेकिन कुछ ही देर बाद ट्रांसफार्मर से जुड़ा एक तार टूटकर नीचे गिर गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा।

इसी मामले को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज सिंह राजपूत ने अवर अभियंता गजानंद पटेल से बातचीत कर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि बातचीत के दौरान जेई ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। बुधवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और जेई को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। गुरुवार सुबह तक बड़ी संख्या में लोग पावर हाउस पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर डटे रहे।

जेई के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर दिया और बाद में थाने पहुंचकर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के चलते चारों फीडरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही और क्षेत्र के दर्जनों गांवों में कई घंटों तक अंधेरा छाया रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को लेकर बातचीत के दौरान जेई ने न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि कथित रूप से नशे की हालत में कार्यकर्ताओं को अपमानित भी किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता कृष्ण मुरारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष के हस्तक्षेप और जांच के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ तथा विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा