home page

बाराबंकी : प्रदेश के राज्यमंत्री सुरेश राही ने किया केडी सिंह बाबू स्मृति संग्रहालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण

 | 
बाराबंकी : प्रदेश के राज्यमंत्री सुरेश राही ने किया केडी सिंह बाबू स्मृति संग्रहालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण


बाराबंकी, 17 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री केडी सिंह 'बाबू' की स्मृतियों को संजोने के लिए जनपद बाराबंकी स्थित उनके पैतृक आवास पर विकसित किए जा रहे स्मृति संग्रहालय का निर्माण कार्य 80 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। मंगलवार को जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राज्यमंत्री (कारागार) सुरेश राही ने संग्रहालय का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य तेजी से पूरा कराकर संग्रहालय को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही खेल जगत की महान विभूतियों की स्मृतियों को संरक्षित करने का काम किया जा रहा है। केडी सिंह बाबू स्मृति संग्रहालय बाराबंकी की गौरवशाली खेल विरासत का प्रतीक बनेगा। यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने राज्य कर कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन अधिकारियों के ट्रांजिट हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। लगभग 695.52 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन में भूतल सहित चार तल और कुल 12 कक्ष बनाए जा रहे हैं। परियोजना के तहत लिफ्ट, फायर फाइटिंग, एयर कंडीशनिंग, डीजी सेट, फर्नीचर, वाटर सप्लाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

मंत्री ने बाहरी रंगाई-पुताई और परिसर के सौंदर्यीकरण सहित शेष कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन को सभी सुविधाओं के साथ उपयोग में लाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी सहित अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान एमएलसी अंगद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी