बयानबाजी, पोस्टरबाजी और ट्वीट के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश में विपक्ष : डॉ. संजय निषाद
कानपुर, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने शनिवार काे यहां कहा कि राम मंदिर दान प्रकरण की जांच जारी है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनता ने विपक्ष को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इसलिए अब वह केवल बयानबाजी, पोस्टरबाजी और ट्वीट के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है।
संजय निषाद 170वें बलिदान दिवस के अवसर पर सत्तीचौरा घाट पहुंचकर 1857 के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कानपुर क्रांतिकारियों की नगरी है और यहां 167 क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनके त्याग और बलिदान से देशवासियों को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. निषाद ने अयोध्या के राम मंदिर दान प्रकरण पर कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच प्रचलित है। कानून अपना काम कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों पर बिना तथ्यों के आरोप लगाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश के सभी सिस्टम में सभी लोग दोषी नहीं होते हैं, जो दोषी होंगे उन्हें जरूर सजा मिलेगी। जिस तरह से विगत दिनों में जांच के दौरान दोषी पाए गए लोग जेल भेजे गए हैं। आगे भी जांच जारी रहेगी। रही बात विपक्ष की तो वह कोई जांच अधिकारी नहीं है जिसके कहने पर सभी को दोषी मान लिया जाएगा।
जनता ने विपक्ष को सत्ता से बाहर कर दिया है। ऐसे में वह केवल बयानबाजी, पोस्टरबाजी और ट्वीट के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में तथ्यों और जांच के आधार पर ही कार्रवाई होनी चाहिए।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

