home page

पारदर्शी और सुगम पंजीयन व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता : रवींद्र जायसवाल

 | 
पारदर्शी और सुगम पंजीयन व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता : रवींद्र जायसवाल


स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क मंत्री ने नवाबगंज सदर व रामसनेहीघाट के नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का किया लोकार्पण

बाराबंकी, 08 सितंबर (हि.स.)। स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने मंगलवार को जिले के नवाबगंज सदर और रामसनेहीघाट में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आमजन से संवाद कर पंजीयन सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने पर जोर दिया।

नवाबगंज सदर स्थित नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय के लोकार्पण के बाद मंत्री ने परिसर का निरीक्षण कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आमजन के लिए आसान और पारदर्शी बनाना है। बेहतर अवस्थापना सुविधाओं से संपत्ति पंजीयन से जुड़े कार्यों में लोगों को सहूलियत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस मौके पर जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

इसके बाद रवींद्र जायसवाल ने राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद विभाग सतीश चंद्र शर्मा के साथ रामसनेहीघाट के नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। दोनों मंत्रियों ने भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। रवींद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के साथ सरकारी सेवाओं को भी आधुनिक और पारदर्शी बनाने का अभियान जारी है।

कार्यक्रम के अगले चरण में नगर पंचायत रामसनेहीघाट के मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। मंत्रीगण ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी