राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने अमेठी में नए निबंधन कार्यालय का किया लोकार्पण, बाेले - विपक्ष में भारत माता के प्रति सम्मान नहीं
अमेठी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय शुल्क विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र (प्रभार ) रवींद्र जायसवाल सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे। उन्होंने गौरीगंज मुख्यालय के दयालापुर में स्थित 3 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए निबंधन कार्यालय भवन का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। उन्हाेंने कहा कि विपक्ष भारत माता के प्रति सम्मान नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इस भवन के निर्माण में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उद्घाटन समारोह के दौरान स्मृति ईरानी ने राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल के फोन के माध्यम से अमेठीवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, डीआईजी निबंधन, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला, सदर विधायक राकेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले राज्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन और निबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा स्टांप शुल्क एवं भूमि पंजीकरण व्यवस्था में किए गए सुधारों और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में राम मंदिर दान चोरी मामले पर राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा। एथनॉल के मुद्दे पर विपक्ष के हमलों को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले भारत माता की जय और वंदे मातरम् कहना सीखे। उन्होंने कहा कि जिनमें भारत माता के प्रति सम्मान और राष्ट्रभावना नहीं है, वे देश का दर्द नहीं समझ सकते। साथ ही उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों के लिए देश की विदेशों पर निर्भरता कम करने की दिशा में एथनॉल एक महत्वपूर्ण विकल्प है और आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर विचार किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

