मीरजापुरः हादसे में मृतकों के परिजन से मिले मंत्री ओमप्रकाश राजभर, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
मीरजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित कुदारन गांव में ट्रक हादसे में जान गंवाने वाले परिवार के घर शनिवार दोपहर पंचायती राज कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। इससे पहले क्षेत्रीय विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी।
गौरतलब है कि 16 जुलाई की भोर में नमक लदा एक ट्रक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में घुस गया था। हादसे में घर के बाहर सो रहे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही घायलों के समुचित इलाज का भी आश्वासन दिया।
मंत्री ने घटना के बाद हुए सड़क जाम और पुलिस पर पथराव की घटना पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था भंग करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम होने पर पुलिस अपनी जिम्मेदारी के तहत कार्रवाई करती है और इस तरह की घटनाओं से बचना चाहिए।
घायलों के बेहतर इलाज की उठी मांग
मुलाकात के दौरान परिजनों ने ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों के बेहतर उपचार की मांग रखी। क्षेत्रीय विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने भी परिजन को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

