केंद्र सरकार का 12 वर्ष का कार्यकाल भारत का 'स्वर्णिम काल : लक्ष्मी नारायण चौधरी
फिरोजाबाद, 04 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र सरकार के यह 12 वर्ष देश के लिए सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की एक विशाल ऐतिहासिक यात्रा के रहे हैं, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यकाल को भारत का 'स्वर्णिम काल' भी बताया।
उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी बृहस्पतिवार को फिरोजाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ले रहे थे। उन्होंने बैठक में आगामी 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कल्याणकारी व जन-जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की और अधिकारियों को कड़े निर्देश भी दिए।
जनपद के प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत कल 05 जून को 'विश्व पर्यावरण दिवस' से हो रही है। सौभाग्य से कल प्रदेश के मुख्यमंत्री का जन्मदिन भी है। आज वैश्विक स्तर पर पर्यावरण सबसे बड़ी चिंता है, इसलिए पूरी धरा को हरा-भरा करने के संकल्प के साथ 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस इंसान में मां के प्रति भाव नहीं, वह इंसान नहीं हो सकता; इसी भावना के साथ हमें पौधों का रोपण और संरक्षण करना है। यह वृक्षारोपण अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक रूप से किया जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यकाल को भारत का 'स्वर्णिम काल' बताते हुए कहा कि इस दौरान भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि इस पूरे आयोजन को हम पूरी भव्यता, दिव्यता के साथ मनाएं, ताकि सरकार की योजनाएं आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचें। उन्होंने कहा कि यह मात्र सरकारी आयोजनों की एक श्रृंखला नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश के पुनर्निर्माण, सेवा और सुशासन का एक 'महा-उत्सव' है। हमें इस पूरे कार्यक्रम को केवल कागजी या औपचारिक न रखकर, एक जन-उत्सव के रूप में मनाना है। इसके लिए जनपद के कोने-कोने में नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोक-माध्यमों का आयोजन किया जाए, ताकि सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियां सीधे आम जनमानस के दिलों तक उतर सकें।
बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत और समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

