home page

स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : ए.के. शर्मा

 | 
स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : ए.के. शर्मा


आयुष्मान भारत योजना व मुख्यमंत्री राहत कोष से हजारों परिवारों को मिल रही बड़ी राहत

लखनऊ, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को राजधानी लखनऊ के विजय खंड स्थित रेमेडी कैंसर केयर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के सभी चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों एवं स्टाफ को बधाई देते हुए समाज की सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से युवा डॉक्टरों की टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मरीजों का जीवन बचाने का कार्य सबसे बड़ा मानवीय और पुण्य कार्य है।

अपने संबोधन में मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना तथा मुख्यमंत्री सहायता कोष के माध्यम से सरकार का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार आर्थिक अभाव के कारण बेहतर इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उपलब्ध कराई गई आयुष्मान कार्ड की सुविधा ने लाखों परिवारों को बड़ी राहत दी है, वहीं मुख्यमंत्री सहायता कोष के माध्यम से भी जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

ऊर्जामंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रेमेडी कैंसर केयर ने आयुष्मान भारत योजना एवं मुख्यमंत्री सहायता कोष के अंतर्गत 2000 से अधिक मरीजों का सफल उपचार कर समाज सेवा का अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान सरकार के जनकल्याणकारी प्रयासों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करें, ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते जांच और उपचार संभव हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित के ऐसे प्रयासों में सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में रेमेडी कैंसर केयर के निदेशक डॉ. साहब अली उस्मानी, डॉ. अर्चित कपूर, डॉ. अभिजीत कपूर, डॉ. आशुतोष पांडे सहित अन्य चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, मरीज एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा