home page

कांग्रेस, टीएमसी और सपा नारी अधिकार विरोधी : सतीश चंद्र शर्मा

 | 
कांग्रेस, टीएमसी और सपा नारी अधिकार विरोधी : सतीश चंद्र शर्मा


अमेठी, 25 अप्रैल (हि.स.)। “महिला जन आक्रोश प्रदर्शन अभियान” के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय गौरीगंज में शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं अमेठी जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी सहित पूरा विपक्षी दल नारी के अधिकारों का विरोधी है। वह नहीं चाहते हैं कि भारत की नई आगे बढ़े।

मुख्य अतिथि सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” संसद के दोनों सदनों में पारित होकर कानून बन चुका है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि देशभर की महिलाओं ने इसका स्वागत किया है और इसे उत्सव के रूप में मनाया है। उन्होंने आगे कहा कि यह अधिनियम लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के समुचित प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया है, लेकिन समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों का रवैया इस पर नकारात्मक रहा है, जो नारी अधिकारों के प्रति उनके दृष्टिकोण को दर्शाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने अभियान की प्रासंगिकता एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान नारी सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति समाज में व्यापक जनजागरण उत्पन्न करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव मातृशक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।

इस अवसर पर जिला प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, पूर्व जिला अध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, जिला मंत्री एवं पूर्व जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा आशा बाजपेई, ब्लॉक प्रमुख उमेश सिंह, प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख राकेश विक्रम सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, समाजोत्थान एवं नारी सशक्तिकरण के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी