home page

उप्र में 30 मई तक बारिश और तेज हवाओं के आसार, कई जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

 | 
उप्र में 30 मई तक बारिश और तेज हवाओं के आसार, कई जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट


प्रयागराज, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 29 से 31 मई तक बारिश, गरज-चमक, वज्रपात तथा तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। यह जानकारी मंगलवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से 30 मई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

पूर्वी उप्र में बारिश के अधिक आसार

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक प्रभावी रहने की संभावना है। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।

वज्रपात और आंधी को लेकर सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा खुले मैदानों से दूर रहने को कहा गया है।

30 से 31 मई के बीच भी जारी रहेगा असर

उन्होंने बताया कि 30 मई से 31 मई तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।

किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए कटाई, मड़ाई तथा खुले में रखी कृषि उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें। साथ ही पशुपालकों को भी खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल