काशी से वडनगर तक गूंजेगा मोदी के 25 साल का संदेश, चुनार में बाइकर्स का भव्य स्वागत
- 17 सितंबर को चुनार पहुंचेगी काशी-वडनगर बाइक यात्रा, गंगा पुल पर होगा दीपोत्सव
मीरजापुर, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर काशी से वडनगर के लिए निकली बाइक यात्रा 17 सितंबर को चुनार पहुंचेगी। यात्रा में करीब 50 बाइकर्स शामिल हैं, जो दो टोलियों में नगर में प्रवेश करेंगे। गंगा पुल पर बाइकर्स का स्वागत किया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा होगी। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत लाभार्थियों से संवाद भी किया जाएगा।
यात्रा के स्वागत और गंगा पुल पर प्रस्तावित दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को टेकौर स्थित पांडेय बेचन शर्मा उग्र सभागार में विधायक अनुराग सिंह ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
भाजपा के जिला मंत्री आलोक सिंह ने बताया कि शाम को गंगा पुल पर दीपोत्सव का आयोजन होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में जिला मंत्री आलोक सिंह, डॉ. विजय सिंह, नगर अध्यक्ष मंगरू साहनी, सीखड़ मंडल अध्यक्ष विजय भारद्वाज पटेल, प्रेम सिंह, अभिलाष राय, आलोक श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

