home page

योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, एडवेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने सीखी फिट रहने की कला

 | 

औरैया, 07 जुलाई (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत संचालित योग वेलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया की ओर से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बिना अनावश्यक जांच व दवाइयों के स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाना है।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. निधि शुक्ला, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) गौरव पांडे के संयोजन में शहर के शहीद पार्क, तिलक स्टेडियम, गौरैया तालाब सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को गायत्री नगर स्थित एडवेंट स्कूल में आयोजित योग सत्र में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व से अवगत कराते हुए स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने के गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा जीवन में ऊर्जा और एकाग्रता बनी रहती है।

योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान होने वाली आलस्य, थकान और तनाव की समस्या से बचने के लिए सूक्ष्म व्यायाम, श्वास-प्रश्वास संबंधी अभ्यास तथा सरल योग क्रियाएं कराईं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कम उम्र के बच्चों में भी मानसिक और शारीरिक थकान बढ़ रही है, जिसे नियमित योगाभ्यास से दूर किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ जीवन जीने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प भी दिलाया गया। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार