नशामुक्ति का संदेश लेकर लखनऊ जाएंगे मीरजापुर के युवा
मीरजापुर, 11 अगस्त (हि.स.)। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर मंगलवार को जीडी बिनानी पीजी कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत (माई भारत), मीरजापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों युवाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ब्रह्मकुमारीज की बिन्दु दीदी विशिष्ट अतिथि रहीं। युवाओं ने लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, माइम एक्ट, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, रील्स व शॉर्ट फिल्म, स्लोगन लेखन और स्लैम काव्य के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई।
भाषण में प्रियंका राय प्रथम, अन्या कसेरा द्वितीय और अदिति तिवारी तृतीय रहीं। स्लोगन में ज्योति गौर प्रथम, निशा गौर द्वितीय तथा राधिका सोनकर तृतीय रहीं। स्लैम काव्य में शांति निषाद ने पहला, अनियल कुमारी ने दूसरा और साक्षी पाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। रील्स मेकिंग में शिवम प्रजापति प्रथम, रिंकेश द्वितीय और दीपचंद तृतीय रहे। चित्रकला में सौम्या सोनी, अरविंद कुमार और अजय कुमार क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। वाद-विवाद में सीता प्रथम और सुनैना द्वितीय रहीं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम विजेता अब लखनऊ में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मीरजापुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजकों ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम की सफलता में स्वयंसेवक संजू सिंह, डॉ. शिवशंकर, शिवम प्रजापति और रंगीले कुमार का विशेष योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

