अग्रहरि समाज ने मेधावी छात्रों का किया सम्मानित
गोरखपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में अग्रहरि समाज की ओर से शिप्रा लॉन में आयोजित होली मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह बुधवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, महापौर मंगलेश श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक विपिन सिंह, भाजपा महानगर संयोजक राजेश गुप्ता एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक विपिन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि होली सामाजिक समरसता और सौहार्द का पर्व है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग से जुड़े मेधावी छात्रों को सम्मानित करना एक सराहनीय पहल है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। साथ ही उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
अग्रहरि समाज के अध्यक्ष विमल अग्रहरि ने प्रतिभावान छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि समाज हमेशा शिक्षा और प्रतिभा के विकास के लिए कार्य करता रहेगा।
महामंत्री सुशील अग्रहरि ने कहा कि उन्होंने शपथ ग्रहण के समय ही मेधावी छात्रों को सम्मानित करने का संकल्प लिया था और आज उसे पूरा होते देख खुशी हो रही है।
एबीएसए गोरखपुर ने कहा कि अग्रहरि समाज के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा और शिक्षा के क्षेत्र में समाज की प्रगति गर्व की बात है।
कार्यक्रम में अग्रहरि समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से शरद अग्रहरि, विनोद अग्रहरि, अरविंद अग्रहरि, जितेंद्र अग्रहरि, रितेश अग्रहरि, मनोज अग्रहरि, जयप्रकाश अग्रहरि, रवि अग्रहरि, मनीष अग्रहरि, मदन अग्रहरि, सुरेश अग्रहरि, बच्चा लाल, शिवम अग्रहरि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन वैभव अग्रहरि ने किया और पूरे आयोजन में उत्साह एवं उमंग का माहौल देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

