home page

शराब के नशे में पत्नी और पिता से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

 | 
शराब के नशे में पत्नी और पिता से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान


औरैया, 26 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर लालपुर गांव में मंगलवार रात पत्नी और पिता से विवाद के बाद 38 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शाहपुर लालपुर निवासी तेज सिंह राठौर (38) मंगलवार रात करीब नौ बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचने पर किसी बात को लेकर उसकी पत्नी संगीता और पिता से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तेज सिंह ने पत्नी और पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे घबराई पत्नी संगीता अपने दोनों बेटों दिव्यांशु (15) और दीपांशु (10) को लेकर गांव में ही एक रिश्तेदार के घर चली गई। वहीं, तेज सिंह के पिता भी घर से चले गए। काफी देर तक गाली-गलौज करने के बाद तेज सिंह घर के बाहर बने कमरे में चला गया। देर रात पत्नी और दोनों बच्चे घर लौटे तो कमरे में तेज सिंह का शव पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका देखकर उनके होश उड़ गए। पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि देर रात काे घरवालाें से झगड़ने के बाद युवक ने फांसी लगाकर जान दी है।पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की तहकीकात कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार