home page

मेगा विधिक सहायता शिविर में 9890 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

 | 
मेगा विधिक सहायता शिविर में 9890 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ


मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को जीआईसी मैदान, महुवरिया में मेगा-वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित शिविर का शुभारम्भ मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्र-द्वितीय, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में विधिक सशक्तीकरण के तहत निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।

आयोजन के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 9890 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने विधिक सहायता शिविर के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, पीएलवी (अधिकार मित्र) सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शिविर में लोकगायिका ऊषा गुप्ता ने कजली एवं लोकगीत प्रस्तुत किए, वहीं छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा