home page

पद्मभूषण दाजी कमलेश पटेल ने सुरभि शोध संस्थान में ध्यान व प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

 | 
पद्मभूषण दाजी कमलेश पटेल ने सुरभि शोध संस्थान में ध्यान व प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश


मीरजापुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चुनार नगर के रामबाग स्थित सुरभि शोध संस्थान प्रकल्प में गुरुवार को आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। यहां हर्टफुलनेस आंदोलन के प्रमुख और पद्मभूषण से सम्मानित कमलेश डी. पटेल (दाजी) का आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही संस्थान परिसर में उत्साह का वातावरण बन गया।

संस्थान के निदेशक सूर्यकांत जालान उर्फ कानूभाई ने पद्मभूषण दाजी का स्वागत किया। इस दौरान दाजी ने पूरे परिसर का भ्रमण कर गोसंवर्धन और प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने संस्थान के8 ओर से किए जा रहे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

प्रवास के दौरान तपोवन प्रकल्प में हर्टफुलनेस इंस्टीट्यूट स्थापित करने की तैयारी पर भी चर्चा हुई। यहां भविष्य में निःशुल्क ध्यान प्रशिक्षण और जीवनशैली सुधार से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे लोगों को मानसिक शांति और संतुलित जीवन जीने की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रेक्षागृह में उपस्थित अनुयायियों, छात्र-छात्राओं और बच्चों को प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही जीवन में मानसिक शांति बनाए रखने और तनाव से मुक्ति पाने के उपाय बताए गए।

कमलेश डी. पटेल दाजी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को छोटे-छोटे प्रयास कर प्रकृति संरक्षण की दिशा में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम ने आध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को एक साथ जोड़ते हुए सभी को प्रेरित किया। इस अवसर पर अनुपम अग्रवाल, कृष्ण कुमार खेमका, अमित चतुर्वेदी, दीपक सिंह, अवलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा