home page

बिजली-पानी और हॉस्टल की समस्याओं पर फूटा मेडिकल छात्रों का गुस्सा, कॉलेज परिसर में दिया धरना

 | 
बिजली-पानी और हॉस्टल की समस्याओं पर फूटा मेडिकल छात्रों का गुस्सा, कॉलेज परिसर में दिया धरना


मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र के बिसुन्दरपुर स्थित

मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में रविवार को एमबीबीएस छात्रों का आक्रोश उस समय खुलकर सामने आया, जब मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में धरना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्रों ने एकत्र होकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

छात्रों का कहना है कि रविवार सुबह से ही कॉलेज परिसर और छात्रावास की बिजली आपूर्ति ठप रही। परिसर में जनरेटर होने के बावजूद बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण पानी की आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे पेयजल सहित दैनिक जरूरतों पर असर पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने छात्रावास की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि एक कमरे में तीन-तीन छात्रों को रखा गया है, जबकि कमरे इतने विद्यार्थियों के रहने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इससे पढ़ाई का माहौल प्रभावित होने के साथ-साथ रहने में भी दिक्कतें हो रही हैं।

छात्रों ने मेस की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नियमित रूप से नाश्ता उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिसके कारण उन्हें बाहर से खाद्य सामग्री खरीदकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ती है। इसके अलावा लाइब्रेरी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार की मांग की गई।

एमबीबीएस छात्र अमित कुमार पटेल के अनुसार, इन समस्याओं की जानकारी कई बार कॉलेज प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। लगातार उपेक्षा से नाराज छात्रों ने धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक बिजली, पानी, हॉस्टल, मेस और अन्य आवश्यक सुविधाओं में स्थायी सुधार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा