home page

मथुरा: तारकोल भरे ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

 | 
मथुरा: तारकोल भरे ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान


मथुरा, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में जैंत थाना क्षेत्र में आझई फ्लाईओवर पर बीती रात बुधवार को एक तारकोल से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। यह ट्रक मथुरा से दिल्ली की ओर जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। आसपास मौजूद राहगीरों ने भी तत्परता दिखाते हुए ट्रक के केबिन में रखा कुछ जरूरी सामान बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही जीएलए यूनिवर्सिटी की फायर ब्रिगेड सबसे पहले मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को गाड़ी में चार बार पानी भरना पड़ा। करीब आधे घंटे बाद सरकारी फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इस बीच जैंत पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने एहतियातन दिल्ली-मथुरा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात रुकवा दिया। इस कारण करीब आधे घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। आग बुझने के बाद यातायात को दोबारा सुचारू किया गया।

फायर ऑफिसर प्रमेन्द्र और नरेश ने बताया कि ट्रक में तारकोल भरा होने के कारण आग तेजी से फैली थी। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार