home page

मथुरा : केएम विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने साइकिल चलाकर दिया नशा मुक्ति का संदेश

 | 
मथुरा : केएम विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने साइकिल चलाकर दिया नशा मुक्ति का संदेश


मथुरा, 29 नवम्बर(हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा ‘माई भारत’ के सहयोग से के.एम. विश्वविद्यालय मथुरा के परिसर में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस साइकिल दौड़ और जागरूकता कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के मेडिकल छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और साइकिल चलाकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ‘नशा मुक्ति अभियान’ का पुरजोर संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के.एम. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी, विशिष्ट अतिथि गौरांग दास महाराज, आर.के. पांडे, जिला युवा अधिकारी अमित कुमार, जिला यूथ आइकॉन दीपक सिंह आजाद (माई भारत) ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए तथा नशे को अपने जीवन से कोसों दूर रखना चाहिए। युवाओं की ऊर्जा यदि सही दिशा में लगे, तो समाज और देश का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।

विशिष्ट अतिथि गौरांग दास महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन के लिए नियमित व्यायाम अत्यंत आवश्यक है। वहीं, विश्वविद्यालय के सलाहकार डॉ. एस.पी. गोस्वामी ने कहा कि नशा क्षणिक आनंद देता है, लेकिन जीवनभर का नुकसान पहुँचाता है। एक स्वस्थ शरीर, सशक्त युवा और नशामुक्त समाज ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है।

जिला युवा अधिकारी एवं साइकिल धावक अरुण कुमार सिंह आर्य ने विचार रखते हुए कहा कि साइकिल चलाने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अमूल्य योगदान मिलता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. पूरन सिंह, के.एम. मेडिकल कॉलेज की प्रबंधक स्वाति शर्मा, विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी वेद प्रकाश पांडेय, प्रशासनिक अधिकारी सचिन सिंह चौधरी सहित दर्जनों मेडिकल छात्र-छात्राओं की विशेष उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता रही।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार