home page

औरैया में 457 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, प्रभारी मंत्री ने दिया आशीर्वाद

 | 
औरैया में 457 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, प्रभारी मंत्री ने दिया आशीर्वाद


औरैया, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को ककोर स्थित तिरंगा मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 457 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 453 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जबकि चार मुस्लिम जोड़ों का मौलाना ने निकाह पढ़ाया। इस माैके पर माैजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु जी’ ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है, ताकि आर्थिक तंगी किसी परिवार के लिए बेटी के विवाह में बाधा न बने। उन्होंने नवदंपतियों को वस्त्र और उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने कहा कि योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल रही है। इसके तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कन्या के बैंक खाते में धनराशि भेजने के साथ गृहस्थी में उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने नवदंपतियों को बधाई देते हुए आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ जीवन बिताने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, एकता और आपसी सौहार्द का प्रतीक है।

समारोह में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार