जन भवन में शहीद दिवस और डॉ. राम मनोहर लोहिया जयंती पर कार्यक्रम आयाेजित
लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और मार्गदर्शन में सोमवार को शहीद दिवस व डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित जनभवन के सभागार में भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया के जीवन एवं उनके अद्वितीय योगदान पर आधारित एक प्रभावी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल के विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों को स्मरण करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने उल्लेख किया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए अनेक माताओं ने अपने पुत्रों को खोया, अनेक परिवारों ने अपार पीड़ा सही। ऐसे में यह हमारा नैतिक दायित्व है कि हम उनके बलिदानों को सदैव स्मरण रखें और अपने प्रत्येक कार्य को राष्ट्रहित की भावना से करें।
उन्होंने अपने संबोधन में ऐतिहासिक घटनाओं साइमन कमीशन का विरोध, जलियांवाला बाग कांड, लाला लाजपत राय पर लाठीचार्ज, भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव द्वारा केंद्रीय असेंबली में बम फेंकने की घटना का विस्तार से उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने बताया कि किस प्रकार ब्रिटिश शासन ने इन वीरों पर मुकदमा चलाकर उन्हें फांसी की सजा सुनाई तथा निर्धारित तिथि से पूर्व ही उन्हें फांसी दे दी ।
उन्होंने भगत सिंह के अमर विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विचारों को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता, वे सदैव जीवित रहते हैं। विशेष सचिव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को एक प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक, देश सेवा में तत्पर तथा स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला नेता बताया।
कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ. पंकज एल. जानी, विशेष कार्याधिकारी अशोक देसाई, जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, आदर्श माध्यमिक विद्यालय जन भवन के अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

