home page

विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान, पांच माह पहले हुई थी शादी

 | 
विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान, पांच माह पहले हुई थी शादी


मीरजापुर, 30 सितंबर (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव में मंगलवार रात 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की शादी करीब पांच माह पहले हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मटिहानी गांव निवासी विक्रम उर्फ भोला की शादी आठ मई को घोरावल थाना क्षेत्र के खजुरावल गांव निवासी प्रमिला से हुई थी। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम मोबाइल फोन को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रात में पति घर से बाहर चला गया। इसी दौरान प्रमिला घर के अंदर चली गई।

देर रात पति के घर लौटने पर उसने प्रमिला को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मायके वालों को जानकारी दी। मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मड़िहान थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा