मुरादाबाद में इस साल 2548 निर्धन बेटियों को मिलेगा शादी अनुदान
मुरादाबाद, 25 मई (हि.स.)। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित की जा रहीं अन्य पिछड़ा वर्ग के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी के लिए योजना-2026-27 में जिलेे में 2548 लाभार्थियों को अनुदान दिया जाएगा। जून में 500 लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति एवं स्वीकृति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि आवेदक (अभिभावक) शादी अनुदान पोर्टल http://sha-dianudan-upsdc.gov.in पर रजिस्ट्रेशन के लिए आधार नंबर अंकित कर आधार प्रमाणित की प्रक्रिया मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से पूरी करेंगे। आवेदक की आय एक लाख रुपये वार्षिक तक होनी चाहिए। शादी की तिथि से 90 दिन पहले या बाद में भरा गया -आवेदन ही स्वीकार किया जाएगा।
आवेदक, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी अधिकतम दो पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान प्राप्त कर सकता है। इस साल जिले को 2548 लाभार्थियों को लाभ देने का लक्ष्य मिला है। इसमें जून तक लगभग 500 पात्र आवेदकों को लाभान्वित किया जाना है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के पोर्टल पर अभी तक तहसील स्तर पर 66 आवेदन पत्रों मिले हैं। इनमें 18 आवेदन ऑनलाइन अग्रसारित किए गए, 42 लंबित हैं और 06 आवेदनपत्र निरस्त किए गए। ब्लॉक स्तर पर 593 आवेदनपत्रों में से 122 को ऑनलाइन अग्रसारित किया गया।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

