हालात नहीं, सोच बदलें, चुनौतियों से जीतने का दिया मंत्र
मीरजापुर, 24 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से मीरजापुर और भदोही के तीन शिक्षण संस्थानों में 22 से 24 सितंबर तक कार्यक्रम हुए। इनमें विद्यार्थियों को तनाव, असफलता और जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम में ब्रह्मा कुमारीज की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका डॉ. सुनीता दीदी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां हमेशा अनुकूल नहीं होतीं, लेकिन व्यक्ति की प्रतिक्रिया और सोच उसके नियंत्रण में रहती है। सकारात्मक दृष्टिकोण कठिन परिस्थितियों में समाधान तलाशने और आत्मविश्वास बनाए रखने में मदद करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मसम्मान, अनुशासन और आत्मचिंतन पर ध्यान देने को कहा। राजयोग ध्यान के जरिए मन को शांत रखने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि नकारात्मक विचार व्यक्ति की ऊर्जा और निर्णय क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं, जबकि सकारात्मक सोच कठिन समय में रास्ता तलाशने में मदद करती है।
गुरुवार को स्वामी गोविंदाश्रम पीजी कॉलेज, पैड़ापुर में हुए कार्यक्रम में प्रबंधक डॉ. रविंद्र कुमार द्विवेदी, प्राचार्य डॉ. कमलेश मिश्रा, डॉ. स्नेहलता, बीके बिंदु बहन समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। संचालन ऋतुराज श्रीवास्तव ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

