रेलवे ट्रैक किनारे वृद्ध का शव मिलने से सनसनी
- बिहार के व्यक्ति के रूप में हुई पहचान
मीरजापुर, 20 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिरल्लीपुर गांव के खैरुद्दीनपुर रेलवे ट्रैक के किनारे बुधवार दोपहर एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
तलाशी के दौरान मृतक के पास मिले एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर सम्पर्क करने पर उसकी पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद निवासी 61 वर्षीय सूजाउद्दीन पुत्र मोतिउर रहमान के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार रेलवे से दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों ने बताया कि सूजाउद्दीन मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करते थे। वह अपने पुत्र मोहम्मद अलाउद्दीन और मोहम्मद सेराजुद्दीन के साथ मुंबई में रहते थे। अलाउद्दीन के अनुसार वह 18 मई को मुंबई से घर जाने के लिए निकले थे और कल्याण स्टेशन से पटना जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि सफर के दौरान ट्रेन से गिरने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के दोनों पुत्र मुंबई से चुनार के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरने के कारण वृद्ध की मौत प्रतीत हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

