मीरजापुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल वृद्ध की मौत
मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के ओड़ी गांव निवासी 78 वर्षीय सालिकग्राम की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में घायल होने के बाद बुधवार सुबह बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे ओड़ी चट्टी से घर लौटते समय गड़ई नदी के निर्माणाधीन पुल के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बड़े पुत्र माधो सिंह ने ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लंका पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी राम नारायण राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

