home page

भैंस को नदी पार कराते समय गहरे पानी में डूबा वृद्ध, मौत

 | 
भैंस को नदी पार कराते समय गहरे पानी में डूबा वृद्ध, मौत


मीरजापुर, 28 अगस्त (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवा चौकी अंतर्गत खड़ेहरा गांव में शुक्रवार शाम गड़ई नदी पार करते समय एक वृद्ध की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खड़ेहरा गांव निवासी श्रीराम यादव (75) शुक्रवार को सिवान में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान भैंस नदी में उतरकर दूसरी ओर चली गई। भैंस को वापस लाने के लिए श्रीराम भी नदी पार करने लगे। बताया गया कि नदी के गहरे पानी में पहुंचते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गए।

वृद्ध के नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद श्रीराम का शव नदी से बाहर निकाला जा सका।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक का पुत्र लवकुश यादव बाहर रहकर एक निजी कंपनी में काम करता है। पिता की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि नदी में डूबे वृद्ध का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा