पंखा अपनी ओर खींचते ही लगा करंट , परिवार के इकलौते सहारे की मौत
मीरजापुर, 13 अगस्त (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के पिड़खिर गांव में गुरुवार दोपहर 45 वर्षीय मुन्ना मुसहर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। फर्राटा पंखे का स्विच ऑन कर उसे अपनी ओर खींचते समय पंखे में उतर रहे करंट ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि मुन्ना दोपहर करीब दो बजे घर में फर्राटा पंखा चला रहे थे। स्विच ऑन करने के बाद वह पंखे को हाथ से अपनी ओर खींच रहे थे। इसी दौरान पंखे में उतर रहे करंट की चपेट में आकर वह उससे चिपक गए। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मौके पर उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर जुट गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुन्ना परिवार का मुख्य सहारा थे और ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी लक्ष्मीना और शीला तथा पुत्र चंद्रमा और किशन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जमालपुर प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

