मीरजापुर में धान की फसल देखने खेत गए बुजुर्ग को सांप ने डसा, मौत
मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया विकासखंड के हथेड़ा गांव में शनिवार दोपहर धान की फसल देखने खेत की ओर गए 66 वर्षीय सुरेश पांडेय को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हथेड़ा गांव निवासी सुरेश पांडेय (66) पुत्र रामदर्शन पांडेय शनिवार दोपहर धान की फसल देखने खेत गए थे। इसी दौरान खेत में सांप ने उन्हें डस लिया। जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल पीएचसी हलिया लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. विवेक खरे ने उपचार के दौरान उन्हें एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन दिया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक के छोटे बेटे पीयूष पांडेय ने बताया कि वह पिता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए। सुरेश पांडेय के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

