home page

सड़क पर बिखरी गिट्टी की कारण बाइक फिसलने से युवक की मौत

 | 
सड़क पर बिखरी गिट्टी की कारण बाइक फिसलने से युवक की मौत


मीरजापुर, 19 जुलाई (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा गांव के पास रविवार सुबह सड़क किनारे बिखरी गिट्टी पर बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज से पहले ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन में कोहराम मच गया, वहीं सड़क पर फैली गिट्टी को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

शिवगढ़ (हिनौती) निवासी 46 वर्षीय रामदास डगमगपुर चौराहे से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। उसरहवा गांव के पास सड़क पर फैली गिट्टी के कारण उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक से गिरने के कारण उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

सूचना मिलते ही पड़री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामदास को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर बिखरी गिट्टी को हादसे का कारण बताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल सफाई कराने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय से पड़ी गिट्टी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, जिसे समय रहते हटाया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा