home page

नई रेल पटरी पर ट्रेन की चपेट में युवक की मौत

 | 
नई रेल पटरी पर ट्रेन की चपेट में युवक की मौत


मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत वृद्धा आश्रम पार्क के पास नई रेल पटरी पर शुक्रवार सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर मोर्चरी हाउस भेज दिया।

मृतक की पहचान शिवपुर गांव निवासी 30 वर्षीय संतोष वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि बीते तीन महीनों से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह दिन-रात शिवपुर, विंध्याचल व अष्टभुजा क्षेत्र में इधर-उधर घूमता रहता था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह वृद्धा आश्रम के समीप नई रेल पटरी पर पहुंच गया, जहां मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा