विद्युत लाइन की चपेट में आकर हलवाई की मौत
औरैया, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के कुदरकोट थाना क्षेत्र के गढ़वाना गांव में रविवार सुबह बिजली की 11 हजार वोल्ट की लटकती विद्युत लाइन की चपेट में आकर एक हलवाई की मौत हो गई। हादसे से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के जाहरपुरा निवासी रवि (32) पुत्र रामसनेही के रूप में हुई है। मृतक रवि पेशे से हलवाई था और अपनी भांजी सोनी की शादी में खाना बनाने के लिए गढ़वाना गांव से आया था। बारात नोएडा से आई थी और सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं।
बताया गया कि आज सुबह करीब चार बजे रवि शौच के लिए खेत की ओर गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर उसके भाई किशन कुमार ने उसकी तलाश शुरू की। करीब सात बजे खेत किनारे 11 हजार वोल्ट की लटकती विद्युत लाइन की चपेट में आने से रवि की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रवि अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। पति की मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी नेहा और परिवारजनों का हाल बेहाल है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विद्युत तार लंबे समय से नीचे लटके हुए हैं। कई बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। करीब तीन माह पूर्व भी इसी लाइन की चपेट में आने से चार गायों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर आक्रोश जताया और मांग की कि जिलाधिकारी व बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कुदरकोट थाना प्रभारी अमर बहादुर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

