home page

ससुराल में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने पत्नी समेत पांच पर लगाया हत्या का आरोप

 | 
ससुराल में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने पत्नी समेत पांच पर लगाया हत्या का आरोप


मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के भदावल ग्राम पंचायत के गोविंदपुर गांव में शुक्रवार सुबह ससुराल आए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के परिजनों ने पत्नी समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के गोरइया गांव निवासी 32 वर्षीय प्रकाश पटेल का शव बेल्ट के सहारे खिड़की से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल की। मृतक के भाई विकास पटेल ने थाने में तहरीर देकर प्रकाश की पत्नी, सास, ससुर, साला और साली पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में बताया गया है कि प्रकाश की शादी करीब दस वर्ष पूर्व गोविंदपुर निवासी मिश्री पटेल की पुत्री प्रियंका पटेल से हुई थी। तीन माह पूर्व किसी विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके आ गई थी और वापस ससुराल नहीं जा रही थी। गुरुवार रात प्रकाश अपनी पत्नी और बच्चों का हालचाल लेने ससुराल आया था। प्रकाश प्लंबर का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में एक पुत्री आस्था और एक पुत्र आर्यन हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था तथा उसकी चार बहनें हैं।

घटना की सूचना पर मृतक के गांव के बड़ी संख्या में लोग जमालपुर थाने पहुंच गए और परिजनों के पहुंचने से पहले शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने पर नाराजगी जताई। वहीं मृतक की मां प्रभा देवी और भाई विकास का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा