महोबा : मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने रैली निकाल कर किया जागरूक
-18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता बनने की अपील
महोबा, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शनिवार को विद्यालयों में रैली, रंगोली, क्विज प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। लघु नाटिका, रंगोली और गीत के माध्यम से 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया है।
शनिवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले के सरकारी विद्यालयों में राजकीय हाई स्कूल कुलकुला, रेवई, सुनेचा, जौरैया, छक्की लाल इंटर कॉलेज पनवाड़ी, सिंघनपुर, बघारी तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।विद्यालयों में लघु नाटिका, रंगोली और गीत के माध्यम से 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
राजकीय हाई स्कूल के प्रधानाचार्य मतदाता जागरूकता जिला नोडल प्रेमचंद अनुरागी ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचंद यादव तथा बेसिक शिक्षा की नोडल अपर्णा नायक के निर्देशन में जनपद के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में रैली, रंगोली, क्विज प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

