151 वर्ष पुरानी रामलीला का होगा भव्य मंचन ,11 से 21 अक्टूबर तक सजेगा रामालय
महोबा, 13 सितंबर (हि.स.)। यूपी के बुंदेलखंड की ऐतिहासिक नगरी महोबा में 151 साल पुरानी श्री रामलीला के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति द्वारा महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन रविवार को रामालय सभागार में किया गया। बैठक में ऐतिहासिक रामलीला के सफल मंचन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस वर्ष 11 दिवसीय रामलीला समारोह का आयोजन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक किया जाएगा।
जनपद मुख्यालय स्थित रामालय सभागार में रविवार को श्री रामलीला आयोजन समिति की बैठक का आयोजन माहेश्वरी दीन तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। श्री रामलीला न्यास के सचिव मनोज तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 151 वर्षों से निरंतर रामलीला का सफल मंचन होता चला आ रहा है। इस बार 11 अक्टूबर को महावीर मंदिर में देव आवाहन कार्यक्रम एवं अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया जाएगा,जिसके बाद 12 अक्टूबर सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ, 13 से 20 अक्टूबर तक उत्कृष्ट कलाकारों के रामलीला दल द्वारा भव्य रामलीला का मंचन होगा,21 अक्टूबर को राजगद्दी शोभायात्रा के साथ समापन कार्यक्रम होगा।
साल भर होते धार्मिक कार्यक्रम
श्री रामलीला न्यास के सदस्य माहेश्वरी दीन तिवारी ने बताया कि रामलीला न्यास द्वारा वर्ष भर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें सुंदर कांड पाठ,होली मिलन ,कन्या पूजन , हनुमान चालीसा के 1008 पाठ का आयोजन, गणेश चतुर्थी ,रामलीला समारोह और दशहरा मिलन , और कन्या पूजन का कार्यक्रम रामालय सभागार में किया जाता है।
इस अवसर पर मूलचंद बिल्थरे, अबोध सोनी, संतोष पटेरिया, जगदीश रिछारिया, मुकेश गुप्ता, हरि शरण सक्सेना, सुभाष तिवारी, महंत शिवांशु दास, हरिशंकर गुप्ता, अमरकांत अनुरागी, लक्ष्मी यादव, सुनील मिश्रा, अवधेश अवस्थी महेंद्र अवस्थी, संजीव तिवारी, संगीतज्ञ सोमेंद्र कुमार भीमसेन कुशवाहा, विनीत सेन, मनीष तिवारी, तुलसी प्रजापति, बृजेश अवस्थी, नीरज द्विवेदी, राजीव तिवारी, भूपेश राजा, रामजी परमलाल विश्वकर्मा सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

