home page

गौवंश संरक्षण के लिए बने केंद्रीय गौ सेवा कानून, शिक्षा में गौ महत्व हो शामिल

 | 
गौवंश संरक्षण के लिए बने केंद्रीय गौ सेवा कानून, शिक्षा में गौ महत्व हो शामिल


महोबा, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा में गौमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण में सोमवार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को सौंपा गया। लोगों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन के माध्यम से देश भर में गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने समेत गौवंश संरक्षण से जुड़ी प्रमुख मांगों पर केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गयी है।

सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में संत समाज के आव्हान पर एकत्रित हुए सनातनियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम गजल भारद्वाज को सौंपते हुए अभियान के संभाग प्रभारी निधि त्रिपाठी ने बताया कि गाय की राष्ट्र माता घोषित करने, देश भर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने,, गौचर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, केंद्रीय गौ सेवा कानून एवं गौ सेवा मंत्रालय का गठन करने, गौ पालकों को सीधे प्रोत्साहन राशि देने, शिक्षा में गौ महत्व को शामिल करने समेत गौ संरक्षण को लेकर अन्य मांगों को ज्ञापन के माध्यम से उठाया गया है।

महंत देवीचरण दास ने बताया कि संत समाज के निर्देश पर यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। पहला चरण 27 अप्रैल को तहसील स्तर पर संपन्न हुआ था, जबकि दूसरा चरण आज 27 जुलाई को जिला स्तर पर आयोजित किया गया है। अगला चरण में 27 अक्टूबर को प्रदेश स्तर पर अभियान का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि जब तक गाय को राष्ट्रमाता घोषित नहीं किया जाता, तब तक हस्ताक्षर अभियान और ज्ञापन सौंपने का क्रम जारी रहेगा।

अभियान के जिला प्रभारी मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि इस जनजागरण अभियान का उद्देश्य गौमाता की रक्षा एवं संवर्धन के लिए जनसमर्थन एकत्रित करना है। अभियान के तहत लाखों नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा संबंधित राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों तक पहुंचाए जा रहे हैं। गौ सम्मान आह्वान अभियान पिछले कई महीनों से देशव्यापी स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

इस अवसर पर माधवी पुरवार, विभावरी गुप्ता, पूनम अग्रवाल, सरिता सोनी, विमलेश सोनी, उषा नामदेव, प्रियांशु पुरवार, अनुज तिवारी,अभय प्रताप सिंह, सौरभ ठाकुर, सौरभ राजपूत, अर्थ शिवहरे, अखिलेश शिवहरे, विजय गौतम, एवं अज्जू पाठक समेत अभियान से जुड़े अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से आगे आने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी